छत्तीसगढ़ B.Ed प्रवेश 2026, शिक्षकों के लिए आवेदन शुरू, जानें पूरी प्रक्रिया

Wed 15-Apr-2026,03:44 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

छत्तीसगढ़ B.Ed प्रवेश 2026, शिक्षकों के लिए आवेदन शुरू, जानें पूरी प्रक्रिया Chhattisgarh-Bed-Departmental-Admission-2026-Scert
  • SCERT ने B.Ed. (विभागीय) प्रवेश प्रक्रिया शुरू की, 15 से 30 अप्रैल तक आवेदन, 7 मई तक दस्तावेज जमा करना अनिवार्य।

  • प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को वेतन जारी रहेगा, रायपुर, बिलासपुर और कांकेर में संचालित होगा कोर्स।

  • चयन वरिष्ठता के आधार पर होगा, समान स्थिति में अधिक आयु वाले को प्राथमिकता, अंतिम सूची 22 जून तक जारी होगी।

Madhya Pradesh / Bhopal :

Bhopal/ छत्तीसगढ़ में शासकीय स्कूलों में कार्यरत अप्रशिक्षित शिक्षकों के लिए बी.एड. (विभागीय) पाठ्यक्रम में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गई है। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT) द्वारा सत्र 2026-28 के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

इस प्रवेश प्रक्रिया के तहत इच्छुक और पात्र शिक्षक 15 अप्रैल 2026 से 30 अप्रैल 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन करने के बाद अभ्यर्थियों को उसकी प्रिंट कॉपी आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित शासकीय शिक्षा महाविद्यालय में 7 मई 2026 तक जमा करना अनिवार्य होगा। निर्धारित समयसीमा के बाद प्राप्त आवेदन पत्रों पर विचार नहीं किया जाएगा।

प्रवेश प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के लिए चयन वरिष्ठता के आधार पर किया जाएगा। यदि दो या अधिक अभ्यर्थियों की वरिष्ठता समान होती है, तो अधिक आयु वाले अभ्यर्थी को प्राथमिकता दी जाएगी। अंतिम चयन सूची 22 जून 2026 तक जारी कर दी जाएगी।

इस कोर्स के लिए वही शिक्षक आवेदन कर सकते हैं, जो शासकीय स्कूलों में व्याख्याता, शिक्षक या प्रधान पाठक के पद पर कार्यरत हैं। सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक के साथ स्नातक या स्नातकोत्तर डिग्री अनिवार्य है, जबकि आरक्षित वर्ग और दिव्यांग अभ्यर्थियों को 5 प्रतिशत की छूट दी गई है। इंजीनियरिंग स्नातकों के लिए न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक आवश्यक हैं।

आवेदन के दौरान कुछ महत्वपूर्ण शर्तों का पालन करना अनिवार्य है। परिवीक्षा अवधि में कार्यरत शिक्षक आवेदन नहीं कर सकते। साथ ही अभ्यर्थी की आयु 1 जुलाई 2026 को 55 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। एक ही संस्था से केवल एक शिक्षक का चयन किया जाएगा और किसी प्रकार की लंबित जांच या अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं होनी चाहिए।

अभ्यर्थियों को आवेदन के साथ नियुक्ति और पदोन्नति से संबंधित दस्तावेज, सेवा पुस्तिका की छायाप्रति सहित अन्य आवश्यक प्रमाण पत्र जमा करने होंगे। यदि आवेदन में दी गई जानकारी और दस्तावेजों में किसी प्रकार की विसंगति पाई जाती है, तो आवेदन निरस्त किया जा सकता है।

बी.एड. विभागीय कोर्स में सीटों का आवंटन विभिन्न संवर्गों के लिए निर्धारित किया गया है। यदि किसी श्रेणी की सीटें खाली रह जाती हैं, तो उन्हें अन्य योग्य अभ्यर्थियों से भरा जाएगा।

प्रशिक्षण के दौरान चयनित शिक्षकों को विशेष सुविधा मिलेगी। उन्हें उनके मूल संस्थान से वेतन मिलता रहेगा और कार्यमुक्ति के लिए अलग से एनओसी लेने की आवश्यकता नहीं होगी।

यह प्रशिक्षण रायपुर, बिलासपुर और कांकेर स्थित शासकीय शिक्षा महाविद्यालयों में संचालित किया जाएगा। प्रवेश प्रक्रिया से जुड़े सभी विवादों का अंतिम निर्णय SCERT रायपुर के संचालक द्वारा लिया जाएगा।